तीर्थ नगरी पुष्कर में निकाली हर घर तिरंगा रैली, मंत्री रावत ने किया वृक्षारोपण

पुष्कर। जल संसाधन मंत्री सुरेशसिंह रावत ने आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से पुष्कर में आयोजित तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।रावत ने जगत पिता ब्रहमा मंदिर से रैली को रवाना किया। इसके बाद मंत्री रावत ने पवित्र सरोवर का जायजा भी लिया।

रैली में देश भक्ति से ओत प्रोत नारे लगाते हुए युवाओं का जोश देखते ही बनता था। विशाल तिरंगा रैली ब्रहमा मंदिर से ब्रहम चौक, गउ घाट, बद्री घाट, वराह घाट, नए रंगजी मंदिर, गुरूद्वारा, रामधाम होती हुई अजमेर के लिए रवाना हो गई।

तिरंगा यात्रा के बाद मंत्री रावत ने सावित्री माता की तलहटी में वृक्षारोपण कर हरियालो राजस्थान का संदेश दिया। मंत्री रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हरित राजस्थान अभियान के तहत 2 करोड़ पौधे लगाकर राजस्थान ने कीर्तिमान बनाया है। वृक्षारोपण से बारिश ज्यादा होती है। भूमि का कटाव रुकता है। वृक्षारोपण करना भारत माता की वंदना के समान है।

इससे वातावरण और प्रकृति का संरक्षण होता है। इसलिए सभी को कम से कम एक पेड़ मां के नाम लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को देश में हरित क्रांति लाने के रूप में परिवर्तित करने में भागीदारी निभानी चाहिए। वृक्षारोपण के बाद मंत्री रावत ने सरोवर के जयपुर घाट पर आचमन कर घाटों पर पानी की आवक का जायजा लिया।

इस दौरान पालिकाध्यक्ष कमल पाठक उपाध्यक्ष शिव स्वरूप महर्षि, भाजपा महामंत्री अरुण वैष्णव, पार्षद मुकेश कुमावत, धीरज जादम, जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, प्रधान जनप्रतिनिधि अर्जुन सिंह रावत, बूढ़ा पुष्कर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन सिंह रावत, नरेंद्र चुंडावत, मोहन सिंह रावत, हरिशंकर चौहान, अशोक पाराशर, घनश्याम भाटी, मदन गुर्जर, जसवंत सिंह रावत, कमल रावत सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।