माउंट आबू। राजस्थान में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की नई मुख्य प्रशासिका के रूप में 84 वर्षीय मोहिनी दीदी को दायित्व सौंपा गया है। वह ब्रह्माकुमारीज़ की छठीं मुख्य प्रशासिका बनी हैं। वह पिछले चार वर्ष से अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका का दायित्व संभालती आ रही थीं।
रविवार को आबू रोड में ब्रह्माकुमारी संस्थान के मुख्य आश्रम शांतिवन में हुई प्रबंधन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से मोहिनी दीदी को मुख्य प्रशासिका का दायित्व सौंपने का निर्णय लिया गया।
आठ अप्रैल को मुख्य प्रशासिका दादी रतनमोहिनी का देहावसान हो गया था। इसके पूर्व दादियां ही मुख्य प्रशासिका बनती आई हैं। पहली बार दीदियों के हाथ में संस्थान की बागडोर सौंपी गई है। वहीं संयुक्त मुख्य प्रशासिका बी के मुन्नी को अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका नियुक्त किया गया है।
वर्ष 1941 में दिल्ली में जन्मी मोहिनी दीदी ने दिल्ली विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने इतिहास, राजनीति विज्ञान और पत्रकारिता में कला स्नातक की डिग्री ली है। इसके पूर्व वह उत्तर और दक्षिण अमरीका और कैरिबियन में ब्रह्माकुमारीज़ के क्षेत्रीय समन्वयक के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं।