कैथल। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने आज हरियाणा के चीका स्थित अनाज मंडी का दौरा किया और वहां उपस्थित आढ़तियों एवं किसानों से संवाद कर मंडी व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली।
आज से प्रदेश में गेहूं (कनक) की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद प्रारंभ हुई है। शर्मा ने किसानों को केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न किसान-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जिनका उद्देश्य किसानों की आमदनी दोगुनी करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में चल रही योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, ई-नाम पोर्टल और कृषि यंत्रीकरण योजना की विस्तार से जानकारी दी और किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शर्मा ने मंडी में गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया और उपस्थित किसानों से मिलकर मंडी व्यवस्था व खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार किसानों की गेहूं की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी और 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तौल प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज़ बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है। किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मंडी से जुड़ी जानकारी जैसे तौल, भुगतान और खरीद स्थिति आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
किसानों ने केंद्र सरकार की इन जनहितैषी नीतियों के लिए आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की, जिन्होंने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए हैं।
रेखा शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी आय, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त किसान–समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक अहम कदम है। इस अवसर पर पूर्व स्थानीय विधायक कुलवंत बाजीगर भी उपस्थित रहे। आढ़तियों और किसानों ने सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया।