मालवीय नगर में देवी अहिल्याबाई होलकर पार्क महिलाओं को समर्पित

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ सौम्या गुर्जर ने रविवार को मालवीय नगर के वार्ड संख्या 130 में गिरधर मार्ग स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर पार्क का लोकार्पण कर महिलाओं को सौगात दी।

इस अवसर पर गुर्जर ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इस पार्क का नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर पार्क रखा गया है। देवी अहिल्याबाई का जीवन एक सशक्त नारी का जीवन रहा है जो महिलाओं के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि महिलाएं समाज की धूरी है और महिलाएं सशक्त हैं तो समाज भी सशक्त होगा और हम विकसित राष्ट्र के सपने को साकार कर पाएंगे।

उन्होंने बताया कि पार्क के चारों ओर देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन वृतांत को चित्रों के माध्यम से उकेरा जाएगा साथ ही महिलाओं के लिए जिम उपकरण भी लगाए जाएंगे जहां महिलाएं आकर स्वयं के लिए कुछ समय निकालकर शरीर को स्वस्थ रख सकती हैं इसके साथ ही महिलाओं के लिए संगोष्ठी स्थान भी बनाया जाएगा जहां महिलाएं आकर आपस में चर्चा कर पाएगी।

उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह में नगर निगम ग्रेटर द्वारा शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन वृतांत के बारे में सत्र रखे जाएंगे तथा विषय विशेषज्ञों द्वारा उन पर चर्चा की जाएगी।

साथ की समाज, कला, संस्कृति, विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को भी अहिल्याबाई होल्कर अवार्ड से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर मालवीय नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ एवं वार्ड की पार्षद राजुला सिंह आदि मौजूद थे।