नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप पत्र दाखिल करने के बाद देशभर के कार्यकर्ताओं में रोष है और उन्होंने आज सभी प्रदेशों में ईडी कार्यालय का घेराव का अपने गुस्से का प्रदर्शन किया।
छतीसगढ़ के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व-उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की मौजूदगी में प्रदर्शन किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ही लोकतंत्र पर प्रहार करती आई है। ईडी जैसी सरकारी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर विपक्ष को डराना-धमकाना इनकी पुरानी आदत है, लेकिन ये लाख कोशिश कर लें- हमें डरा नहीं सकते।
बघेल ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के बल पर विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही मोदी सरकार के खिलाफ आज राजीव गांधी चौक, रायपुर में आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन हुआ। मोदी सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले हम नहीं झुकेंगे। हम गांधी जी के अनुयायी हैं, सत्य के पथ पर बढ़ते रहेंगे।
सिक्किम में कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल छेत्री के साथ ही कोषाध्यक्ष कर्म के भूटिया सहित कई नेताओ ने ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ओडिशा में प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास ने ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हए कहा कि ईडी बार-बार कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष श्रीमती गांधी और राहुल गांधी को परेशान कर रही है। इसके विरोध में पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया गया। जब भी भाजपा के लोगों को सत्ता जाने का डर सताता है, तो ये ईडी सीबीआई को कांग्रेस पार्टी को डराने के लिए आगे कर देते हैं। मोदी सरकार की नफरत और बदले की राजनीति को पूरा देश देख रहा है।
पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष राजा बरार, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कहा कि ऐसा लग रहा है मानो विपक्ष की आवाज को दबाना और लोकतंत्र पर हमला करना ही भाजपा का एकमात्र काम रह गया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे सरकार की तानाशाही बताया और उसके खिलाफ पुरजोर प्रदर्शन किया। त्रिपुरा में प्रदेश अध्यक्ष आशीष शाह के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ जिसमें संदीप राय बर्मन शहीद कई अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
तेलंगाना में कांग्रेस नेताओं ने कहा की सरकार की इस कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता बिना रुके लड़ाई लड़ते रहेंगे। पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नेशनल हेराल्ड मामले को आधारहीन बताते हुए राजनीतिक उद्देश्य से की जा रही कार्रवाई बताया।
राजस्थान में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली की मौजूदगी में पुरजोर विरोध किया और कहा मोदी सरकार हमेशा की तरह विपक्ष को रौंदकर लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रही है। ईडी जैसी सरकारी संस्था को एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर भाजपा बदले की राजनीति पर उतर आई है।
झारखंड के प्रदेश प्रभारी के राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सरकार की इस तानाशाही का पुरजोर विरोध किया। भाजपा राजनीतिक कुंठा की शिकार है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ईडी के जरिए विपक्ष की आवाज को कुचलना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड के मामले में मोदी सरकार बदले की राजनीति कर रही है। यह सरकार ईडी का इस्तेमाल विपक्ष को केवल प्रताड़ित करने के लिए कर रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सड़क से लेकर सदन तक इस सरकार को जवाब दे रहे हैं। वे सरकार की करतूतों के बारे में लोगों को बता रहे हैं और गुजरात में अपनी ताकत दिखा रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि ये सब देखकर भाजपा बौखला गई है।
भाजपा ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को लेकर किए बड़े खुलासे