राजस्थान में सुबह शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ नवरात्र पर्व की शुरुआत

जयपुर। राजस्थान में सुबह शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ शारदीय नवरात्र पर्व की शुरुआत हुई और इसके साथ ही माता के मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरु हो गई।

राजधानी जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर माता के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह से भक्तों के उमड़ने से कई जगहों पर लम्बी कतारें लग गई। सुबह शुभ मुहूर्त करीब साढ़े छह से साढ़े सात बजे तक लोगों ने अपने घरों में पूजा पाठ के साथ घटस्थापना की वहीं जयपुर में प्रसिद्ध आमेर स्थित शिला माता मंदिर में सुबह साढ़े छह बजे मंत्रोच्चार के साथ घटस्थापना की गई और बाद में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करना शुरु कर दिया।

इस दौरान माता के जयकारों एवं भक्तों के उमड़ने से माहौल भक्तिमय बन गया। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के कतार में खड़ा रहने के दौरान छाया की भी व्यवस्था की गई हैं वहीं दिव्यांगों के लिए अलग से कतार एवं पानी की व्यवस्था की गई हैं ताकि किसी को परेशानी नहीं हो।

इसी तरह शहर के अन्य माता के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगना शुरु हो गया और लोग बड़े उत्साहपूर्वक नवरात्र का पर्व मना रहे हैं। इसके अलावा अलवर की पहाड़ियों में स्थित ऐतिहासिक करणी माता मंदिर पर लक्खी मेला शुरू हो गया।

जोधपुर के प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर एवं अजमेर में अरावली पर्वत पर स्थित चामुंडा माता के मंदिर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर माता के मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़ लग गई। इस मौके प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं अशोक गहलोत, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

भजनलाल ने नवरात्र स्थापना पर प्रदेश की खुशहाली की कामना

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गुरूवार को शारदीय नवरात्र स्थापना पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना करते हुए प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी एवं समृ़द्ध जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।