नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है, जबकि अन्य 12 लोग घायल हुए हैं। एक अस्पताल के अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी रविवार दी।
एलएनजेपी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मृतकों में 5 बच्चे और 11 महिलाएं शामिल हैं।अधिकारी ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इसमें पांच बच्चे और 11 महिलाएं शामिल हैं। अन्य 12 लोगों को चोटें आई हैं।
मंत्रालय ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं और प्रयागराज महाकुंभ के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार रात करीब दस बजे प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 एवं 15 पर कुंभ जाने के लिए बड़ी संख्या में आए यात्रियों में किसी वजह से भगदड़ मच गई जिसमें अनेक यात्री घायल हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने घायलों की संख्या 10 बताई थी।
बताया गया है कि प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी, तो प्लेटफॉर्म पर बहुत सारे लोग मौजूद थे। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी में देरी हुई और इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार जब हर घंटे रेलवे द्वारा 1500 सामान्य टिकट बेचे गए थे। यही कारण है कि भीड़ बेकाबू हो गई। प्लेटफार्म नंबर 14 पर और प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास एस्केलेटर के पास भगदड़ मच गई। सूत्रों के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
रात में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक के साथ स्टेशन पर घटनास्थल का दौरा किया। रेलवे की ओर से बताया गया कि अचानक बढ़ने को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज महाकुंभ के लिए चार विशेष गाड़ी चलाने की घोषणा की गई है। इससे भीड़ में कमी आ रही है और स्थिति नियंत्रण में आ गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि दिल्ली पुलिस और आरपीएफ के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अचानक हुई भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली स्टेशन पर इस अभूतपूर्व अचानक भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। अब भीड़ कम हो गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया है और इस घटना को ‘विनाशकारी’ बताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
भगदड़ में हताहतों को मुआवजा
राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात भगदड़ में हताहत लोगों के लिए रेलवे ने मुआवजा देने की घोषणा की है। उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता ने आज सुबह यहां बताया कि कल रात भगदड़ की घटना के प्रभावित लोगों को मुआवजे की घोषणा की गई है और धनराशि वितरित भी की जा रही है।
प्रवक्ता के अनुसार मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई ढाई लाख रूपए और मामूली रूप से घायल लोगों को एक एक लाख का मुआवजा दिया जा रहा है। हालांकि प्रवक्ता ने हताहतों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस बारे में पूछने पर कहा कि पूरी घटना की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
रात में मीडिया रिपोर्टों में इस दुर्घटना में लोगों की मौत होने की बात कही गई जिनकी संख्या अलग अलग बताई गई। रविवार सुबह तक कई मीडिया रिपोर्टो र्में मृतकों संख्या 21 तक बताई गई है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं बताया गया। हालांकि रेलवे बोर्ड ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अन्य नेताओं ने दुर्घटना पर गहरा दुख और हताहतों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।