![डेनमार्क की महिला से गैंगरेप मामले में कोर्ट ने पांच को ठहराया दोषी डेनमार्क की महिला से गैंगरेप मामले में कोर्ट ने पांच को ठहराया दोषी](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/06/denmark.jpg)
![2014 danish woman gangrape case : delhi court convicts five accused](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/06/denmark.jpg)
नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास दो साल पहले चाकू का भय दिखाकर 52 वर्षीय डेनमार्क की एक महिला का अपहरण करके उससे रेप करने के मामले में 5 आरोपियों को सोमवार को दोषी ठहराया गया।
इस केस में तीन नाबालिग समेत चार अनय आरोपी भी थे जिनमें से केस की सुनवाई के दौरान एक की मौत हो गई। तीन किशोरों पर किशोर न्याय बोर्ड में प्रकरण चल रहा है।
इस बहुचर्चित मामले का फैसला सुनाते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार द्वितीय ने कहा कि सभी पांच आरोपी सभी अपराधों के लिए दोषी ठहराए जाते हैं। कोर्ट ने मामले में सजा के लिए दलीलों को सुनने के लिए 9 जून की तारीख निर्धारित की।
नए कानून के तहत गैंगरेप के अपराध के लिए न्यूनतम 20 साल के कारावास और अधिकतम शेष जीवन तक के लिए उम्रकैद की सजा का प्रावधान है।
न्यायाधीश ने महेंद्र उर्फ गंजा (27), मोहम्मद रजा (23), राजू (24), अर्जुन (22) और राजू छक्का (23) को दोषी ठहराया। सभी कोर्ट में मौजूद थे।
इन आरोपियों को आईपीसी की धारा 376 (डी) (गैंगरेप), 395 (डकैती), 366 (अपहरण), 342 (गलत तरीके से कैद करने), 506 (आपराधिक धमकी) और धारा 34 (समान आशय) के अपराध के लिए दोषी ठहराया गया।
मालूम हो कि छठे आरोपी श्याम लाल की इस साल फरवरी में मौत हो गई थी और उसके खिलाफ मुकदमे की सुनवाई को बंद कर दिया गया था। मामले में तीन अन्य आरोपी किशोर हैं और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष उनके खिलाफ जांच चल रही है।
क्या था मामला
अभियोजन पक्ष के अनुसार पांचों खानाबदोश हैं। उन्होंने 14 जनवरी 2014 की रात को डेनमार्क की पर्यटक को चाकू का भय दिखाकर उनके साथ लूटपाट की और उसके बाद उसे रेलवे स्टेशन के निकट डिवीजनल रेलवे ऑफिसर्स क्लब के पास एक निर्जन स्थान पर ले जाकर गैंगरेप किया।
यह महिला एक जनवरी 2014 को भारत आई थी और आगरा के लिए रवाना होने से पहले कुछ दिनों तक दिल्ली में रुकी। कई स्थान घूमने के बाद वह 13 जनवरी 2014 को दिल्ली लौटी और रेलवे स्टेशन के निकट पहाड़गंज में एक होटल में ठहरी।
अगले दिन जब वह अपने होटल लौट रही थी तो रास्ता भटक गई और आरोपियों में से एक से उसने रास्ता पूछा। उसके बाद आरोपियों ने उसे घेर लिया और उससे गैंगरेप किया।