Warning: Undefined variable $td_post_theme_settings in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/news/wp-content/themes/Newspaper/functions.php on line 54
विधायक विदेश सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि - Sabguru News
Home India City News विधायक विदेश सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

विधायक विदेश सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

0
विधायक विदेश सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि
Jharkhand : Panki MLA Videsh Singh died over heart attack
Jharkhand : Panki MLA Videsh Singh died over heart attack
Jharkhand : Panki MLA Videsh Singh died over heart attack

रांची/मेदिनीनगर। पांकी से कांग्रेस विधायक विदेश सिंह का सोमवार मध्य रात्रि के बाद निधन हो गया। वे 65 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम राजकीय सम्मान के साथ तरहसी प्रखंड के सिलदिलिया में अमानत नदी तट पर किया गया।

उनके बड़े पुत्र पंकज सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। सिंह वर्ष 2000 में पहली बार विधायक बने थे। हालांकि जीत का प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए उन्हें हाईकोर्ट जाना पड़ा था। इसके बाद 2005, 2009 और 2014 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर उन्होंने हैट्रिक बनाई थी। उनके निधन से पलामू सहित राज्यभर में शोक की लहर है।

विदेश सिंह की तबीयत सोमवार रात तरहसी प्रखंड के सिलदिलिया स्थित अपने आवास पर खाना खाने के बाद बिगड़ गयी। खाना खाने के थोड़ी देर बाद वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें रात करीब साढ़े 12 बजे डालटनगंज सदर अस्पताल लाया गया, जहां सिविल सर्जन डा. कलानंद मिश्र, उपाधीक्षक डा. विजय कुमार सिंह, कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ आरके रंजन, डॉ. विजय रजक ने उन्हें हर संभव इलाज देने का प्रयास किया, लेकिन वे होश में नहीं आए।

रात करीब 1.30 बजे उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। विदेश सिंह के निधन के वक्त उनके पुत्र पंकज सिंह, बिटू सिंह, भाई उदय सिंह और भांजा सह विधायक प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह अस्पताल में मौजूद थे।

विदेश सिंह के निधन की खबर फैलते ही अस्पताल में उनके समर्थकों का तांता लग गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात 2 बजे विधायक के पार्थिक शरीर को स्थानीय बेलवाटिका आवास ले जाया गया। वहां भी समर्थकों की भारी भीड़ लगी रही।

सिंह के निधन की खबर सुनकर स्थानीय विधायक आलौक चौरसिया, जिले के डीसी के.श्रीनिवासन, पलामू प्रक्षेत्र के डीआइजी साकेत कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, मयूर पटेल, डीडीसी प्रमोद सिंह, सदर एसडीओ अरूण एक्का और शहर थाना प्रभारी एसके मालवीय भी उनके आवास पहुंचे और उनके प्रति पुष्पांजलि अर्पित की।

डीसी ने विधायक पुत्र बिटू सिंह से पूरी घटना की जानकारी ली। विदेश सिंह के निधन की सूचना पर जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिंह, गढ़वा विधायक सतेन्द्र तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रमोद सिंह, समाजसेवी भोला पांडेय, राजद जिला अध्यक्ष शंकर यादव, 20 सूत्री के पलामू उपाध्यक्ष विपिन बिहारी भी उनके आवास पहुंचे और संवेदना जताई।

बाद में विधायक विदेश सिंह का पार्थिव शरीर एक सुसज्जित ट्रक पर रखकर कांग्रेस भवन ले जाया गया, जहां पार्टी के जिला अध्यक्ष चन्द्रशेखर शुक्ला के नेतृत्व में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनके पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का झंडा ओढ़ाकर मरणोपरांत उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा के दौरान रामाशीष पांडेय, बिनोद तिवारी, इरफान सिद्दीकी, जीतेन्द्र कमलापुरी, सीडी राम, दीनानाथ तिवारी, बिटू पाठक, कोशल दुबे, लक्ष्मी तिवारी, जीशान खां, कामेश्वर तिवारी, धनंजय तिवारी, पप्पू अजहर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी उपस्थित थे।
राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और छत्तरपुर के विधायक राधाकृष्ण किशोर भी विदेश सिंह की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पांकी स्थित आवास पर उनके पार्थिव शरीर पर फूलमाला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विदेश सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने भी शोक संवेदना व्यक्त की है।

किशोर और सिंह राज्य सरकार और विधानसभा के प्रतिनिधि के रूप में यहां पहुंचे थे। इस मौके पर श्री किशोर ने कहा कि विदेश सिंह का निधन राजनीतिक गलियारे में अपूरणीय क्षति है। उन्हें इस बात का बेहद अफसोस है कि अब सिंह की आवाज विधानसभा में सुनाई नहीं देगी।

उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के प्रति हमेशा चिंतित रहने वाले विदेश सिंह जन सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विधानसभा में काफी मुखर भूमिका निभाते थे। किशोर ने कहा कि राज्य ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया है।