

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सेना के सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले नेताओं और दलों की कड़ी भर्त्सना की।
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शाह ने कहा कि दुख और वेदना के साथ कहना चाहता हूं कि सेना के जवानों के शौर्य, साहस और पराक्रम में चार चांद लगाने वाली घटना पर जिन्होंने भी सवाल उठाए हैं उन्होंने शहीदों और सेना का अपमान किया है। शाह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस बारे में स्पष्ट करना चाहिए कि उनका मत क्या है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की घेरेबंदी करते हुए कहा कि सबसे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाए, वो पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जब जवानों के खून की दलाली शब्द का प्रयोग किया तो उन्होंने सारी हदें ही पार कर दीं। यह देश की सेना के साथ ही जनता का भी अपमान है।
शाह ने पूछा कि राहुल बताएं कि इसमें दलाली करने जैसा क्या है। जब आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ने का मूड बना रहा तब राहुल का ये बयान सेना को निर्बल करने वाला है उनका मनोबल तोड़ने वाला है। यह कांग्रेस की मानसिकता दर्शाता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल ‘दलाली’ शब्द कांग्रेस के लिए ही रहने दें हम पर न थोपें। उन्हें बताना चाहिए कि बोफोर्स, टूजी, कोयला इन सब में किसने दलाली की। सेना पर राजनीति नही होनी चाहिए।
राहुल ने बीते गुरुवार को कहा था कि जो हमारे जवान हैं, जिन्होंने जम्मू कश्मीर में अपना खून दिया है, जिन्होंने हिंदुस्तान के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया है, उनके खून के पीछे आप छुपे हुए हो, उनकी आप दलाली कर रहे हो, ये बिल्कुल गलत है।
शाह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आपत्ति हो सकती है। जब कांग्रेस की ओर से ‘मौत का सौदागर, जहर की खेती’ जैसे बयान दिए गए तो गुजरात में मोदी जी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अब ‘खून की दलाली’ के पीछे क्या मकसद है, देखना होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा व देश की जनता सेना के साथ खड़ी है। हमें भारत की सेना और उसके बुलेट पर भरोसा है। सेना का मनोबल कोई तोड़ नही सकता। अब देश में मोदी और भाजपा की सरकार है। कोई भी अब हमारे सैनिकों का सिर काट कर नहीं ले जा सकता।
शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लग रहे है। 1971 की लड़ाई के वक्त के खबराें को उठा कर देख लें हमारे एक नेता ने भी विरोधी बयान नहीं दिए थे। सेना की सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर देश की जनता में उत्साह है इससे सैनिकों के हौंसले बुलंद हैं। अगर कांग्रेस व राहुल को इस पर आपत्ति है तो कांग्रेस के मूल विचार में ही खोट है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के बाद जनता में जो उत्साह है उससे जुड़ने की बजाय कांग्रेस पाकिस्तान की निराशा के साथ जुड़ रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उसे जनता के साथ जुड़ना चाहिए।
यह भी पढें
सर्जिकल स्ट्राइक पर राजनीति संबंध और न्यूज के लिए यहां क्लीक करें
https://www.sabguru.com/leaders-demanding-proof-surgical-strike/
https://www.sabguru.com/sanjay-nirupam-questions-surgical-strikes-congress-distances-itself/
https://www.sabguru.com/two-half-years-first-pm-like-action-modi-says-rahul-gandhi-says-indias-surgical-strikes/
https://www.sabguru.com/bjp-created-jaish-e-muhammad-by-releasing-masood-azhar-congress-leader-kapil-sibal/