
सिरोही। आबूरोड स्थित चन्द्रावल महिला बीएड काॅलेज की छात्राओं ने शुक्रवार को काॅलेज प्रशासन की ओर से पेनेल्टी के रूप में वसूली जा रही राशि के विरोध में आबूरोड के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके कारण मार्ग पर लम्बा जाम लग गया। जानकारी मिलने पर शहर थानाधिकारी सीताराम खोजा ने जाप्ते के साथ पहुंचकर काॅलेज प्रशासन के सहयोग से छात्राओं के साथ समझाइश की। इसके बाद छात्राध्यापिकाएं मार्ग से हटी।

चन्द्रावल महिला बीएड महाविद्यालय की छात्राओं ने आरोप लगाया कि काॅलेज प्रशासन द्वारा आए दिन किसी न किसी चीज की पेनल्टी के रूप में पैसे वसूले जाते हैं। इन छात्राध्यापिकाओं ने आरोप लगाया कि उनसे रविवार के दिन की भी पेनेल्टी वसूली जा रही है। इन छात्राध्यापिकाओं ने पेनेल्टी के रूप में दी गई राशि को लौटाने की मांग की है। छात्राओं ने होस्टल मे सुविधाएं नही हाने का भी आरोप लगाया है।

रास्ता जाम किए जाने से जोधपुर, जयपुर, माउण्ट आबू, अहमदाबाद जाने वाले वाहन यहीं पर अटक गए। सूचना मिलने पर शहर थानाधिकारी सीताराम खोजा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्राध्यापिकाओं से आंदोलन का कारण जाना और इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन से मिले। काफी समय चर्चा के बाद छात्राध्यापिकाओं और महाविद्यालय प्रशासन में सहमति बनी तो जाम खुला।

काॅलेज प्रशासन ने बताया कि छात्राध्यापिकाओं से अनुशासनहीनता की जाती है तो इसके लिए पेनेल्टी का प्रावधान किया गया है। अनुशासनहीनता की ही पेनेल्टी ली जाती है, जिसे उन्हें सत्र की समाप्ति पर लौटा दिया जाएगा।