

नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरु विश्ववद्यालय (जेएनयू) में संसद हमले के आरोपी अफजल गुरु की बरसी मनाए जाने एवं देशविरोधी नारे लगाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि देश किसी भी रुप में भारत मां का अपमान सहन नहीं करेगा।
राजधानी दिल्ली स्थित जेएनयू संस्थान परिसर पर उत्पन्न देशद्रोही गतिविधियों पर केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को यहां कहा कि आज पूरे देश में मां सरस्वती की वंदना का दिन है। इस दिन मां सरस्वती प्रत्येक लोगों को यही संदेश देती है कि उनके मुख से जो शब्द भी निकले, वो राष्ट्र को सशक्त करने एवं उन्नत करने की दिशा में निकले।
इस दिन को भारत मां की जयगान करते हुए मनाना चाहिए, न कि देश विद्रोहियों गतिविधियों में शामिल होकर। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश भारत मां का अपमान किसी भी रुप में बर्दाशत नहीं करेगा।
इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा था कि राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर दिल्ली के कमिश्नर बीएस बस्सी से बात की है।
देशविरोधी काम करने वालों से सरकार एवं पुलिस सख्ती से निपटेगी। देश में अगर कोई देश में रहते हुए भारत विरोधी नारे लगाता है या देश की एकता, अखंडता पर सवालिया निशान लगता है तो उसे माफ नहीं किया जा सकता।
जेएनयू में राष्ट्र विरोधी नारों पर कांग्रेस ने तोड़ी चुप्पी
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्र विरोधी नारों पर आखिरकार शुक्रवार को कांग्रेस ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। कांग्रेस ने दोषियों को गिरफ्तार कर उनके गुप्त इरादों का पता लगाने की मांग की है।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने शुक्रवार को कहा कि छात्रों द्वारा अफजल गुरु के समर्थन में नारे लगाने की घटना निंदनीय है। केवल इन छात्रों के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करना इस समस्या का समाधान नहीं है।
पुलिस को इन गतिविधियों के पीछे जिनका हाथ है उनकी पहचान करनी चाहिए। दिल्ली पुलिस ने गुरूवार को 2001 में संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के खिलाफ जेएनयू में हुए कार्यक्रम के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ देशद्रोह का एक मामला दर्ज किया है।
राष्ट्र विरोधी हरकतों में जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष गिरफ्तार

जेएनयू परिसर एवं प्रेस क्लब में देश विरोधी और पाकिस्तान के पक्ष में लगे नारे के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है। जहां विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष कहैन्या कुमार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीँ प्रेस क्लब में देश विरोधी कार्यक्रम का आयोजन करने वाले अली जावेद को पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया है। साथ ही जेएनयू के प्रोफ़ेसर एसएआर गिलानी को भी पूछतांछ के लिए संसद मार्ग थाना में बुलाया गया है।