

नई दिल्ली। दिल्ली के मधु विहार स्थित कुर्मांचल अपार्टमेंट के एक मकान में रहने वाली एम्स की सीनियर डॉक्टर डॉ. रितु बंगोती ने स्वयं को इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि उनका पति के साथ अकसर झगड़ा होता रहता था। रितु के मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पति बृजेश कुमार को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में डॉ. रितु बंगोती अपने पति बृजेश बंगोती और एक दो साल की बच्ची के साथ रहती थी। रितु के पति एयर इंडिया में पायलट हैं।
पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था। मृतक की मां का आरोप है कि बृजेश लगातार रितु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया करता था।
पिछले छह महीने से उनका झगड़ा और बढ़ गया था। इसी से परेशान हो कर रितु ने इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक मृतक महिला डॉक्टर के परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति बृजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उधर घरवालों का आरोप है की पुलिस को रितु का सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल पुलिस मामले में कुछ कहने से बच रही है।