

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि केजरीवाल पर जूता फेंकने से पहले वेद प्रकाश ने बीजेपी नेता से बात की थी।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को आरोप लगाया है कि केजरीवाल पर जूता फेंकने से पहले आम आदमी सेना के दिल्ली के अध्यक्ष वेद प्रकाश ने भाजपा के एक नेता से बात की थी।
कपिल मिश्रा ने मांग कि है कि वेद प्रकाश के कॉल डिटेल्स की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया है कि वेद प्रकाश ने हमला करने से पहले भाजपा नेता को बुलाया भी था।
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर वेद प्रकाश ने दिल्ली सचिवालय में सम-विषम को लेकर एक संवाददाता सम्मेलन में जूता फेंका था।
हालांकि जूता केजरीवाल को लगा नहीं था। वेद प्रकाश ने केजरीवाल पर दिल्ली की जनता को धोखा देने का आरोप लगाते हुए जूता फेंका था। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।