

मुंबई। जी सिने अवार्डस 2016 में संजय लीला भंसाली की प्रेम कथा पर आधारित ‘बाजीराव मस्तानी’ फिल्म की धूम रही और सर्वश्रेष्ठ फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की ट्रॉफी सहित इसकी झोली में कई शीर्ष पुरस्कार आए। 11 ट्रॉफी जीतने वाली फिल्म में रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब मिला।
इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ गायक महिला श्रेया घोषाल मोहे रंग दो लाल, सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी गणेश आचार्य मलहारी, सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन, सर्वश्रेष्ठ एक्शन, सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत, सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजायन, सर्वश्रेष्ठ दृश्यात्मक प्रभाव और सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी का पुरस्कार मिला।
समारोह में नीरज घेवान की संवेदनशील फिल्म ‘मसान’ का स्थान दूसरा रहा और इसने पांच पुरस्कार अपने नाम किए। इस समारोह में अनिल कपूर, रणवीर, सुशांत सिंह राजपूत, अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, कृति सेनन सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। शाहिद कपूर, करण जौहर, परिणीति चोपड़ा और सोनाक्षी ने कार्यक्रम के दौरान खंडों में मेजबानी की।