

नई दिल्ली। भाजपा को मात देने के लिए सभी पार्टियों को हाथ मिलाने सम्बन्धी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जो नेता वर्तमान में कांग्रेस का साथ दे रहे हैं, वह देश के विकास और कमजोर वर्गों के विकास के खिलाफ हैं।
भाजपा नेता और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को नीतीश कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज एक बात तो साफ हो चुकी है कि एक समय में कांग्रेस विरोध रहे यह लोग आज कांग्रेस की शरण में हैं। आज ये लोग भाजपा विरोधी नारे लगा रहे हैं। देखते हैं भविष्य में ये लोग किसकी शरण में जाते हैं।
नकवी ने कहा कि इल लोगों को यब बात हजम नहीं हो रही कि पिछड़े समुदाय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा एक व्यक्ति देश की तरक्की के लिए काम कर रहा है। इससे पता चलता है कि ये लोग भाजपा के खिलाफ वहीं बल्कि गरीबों और उनके विकास के खिलाफ हैं। लेकिन कुछ भी कह लें वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकते।
जानकारी हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरएसएस मुक्त भारत का नारा देते हुए सभी दलों को एक साथ का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग लड़ाई से कोई फायदा नहीं होने वाला है।