

नवसारी। नवसारी के दशेरा टेकरी क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी व उसके निवारण के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में नवसारी के भाजपा नेता व पूर्व नगर सेवक ने अश्लील वीडियो क्लीप रखने से हडकंप मचा है। मामले में ग्रुप एडमिन ने नवसारी शहर पुलिस निरीक्षक को लिखित में शिकायत देकर न्याय की मांग की है।
नवसारी के वार्ड संया 11 में स्थित दशेरा टेकरी के सामाजिक कार्यकर्ता ने कुछ महीनों पूर्व दशेरा टेकरी वार्ड नं. 11 नामक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। जिसमें क्षेत्र सहित नवसारी के राजनेता, पत्रकार, सामाजिक अग्रणी सहित महिलाओं को भी जोड़ा गया है। इस ग्रुप में नवसारी नगर पालिका के पूर्व नगर सेवक अश्विन गांधी भी है।
जिन्होंने गत 19 फरवरी की शाम 7:11 मिनट पर एक विदेशी अश्लील वीडियो क्लीप रखी थी। जिसको लेकर ग्रुप सदस्यों में रोष व्याप्त था। मामले में दशेरा टेकरी वार्ड नं. 11 के एक ग्रुप एडमीन ने नवसारी शहर पुलिस निरीक्षक को लिखित में एक शिकायत देकर पूर्व नगर सेवक की हरकत से वाकिफ किया है। साथ ही मामले में योग्य जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर न्याय की मांग की है।
उधर, शिकायत होने के बाद से भाजपा नेता व पूर्व नगर सेवक के द्वारा मामले को दबाने का प्रयास शुरू किया गया, साथ ही समाधान के प्रयास भी तेज किए गए होने की जानकारी सामने आई है। मामले में जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश पटेल ने जांच के बाद योग्य कार्रवाई की बात की।