![गुजरात निकाय चुनावों में भगवा परचम : मोदी ने जनता को कहा थैंक्स गुजरात निकाय चुनावों में भगवा परचम : मोदी ने जनता को कहा थैंक्स](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/11/dsatyop.jpg.jpg)
![bjp sweeps Gujarat civic polls : PM Modi thanks people](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2016/11/dsatyop.jpg.jpg)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिली शानदार सफलता पर बधाई दी है।
उन्होंने गुजरात की जनता का आभार जताते हुए कहा कि मैं गुजरात की जनता को नमस्कार करता हूं, जिन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा पर भरोसा जताया है। इससे पता चलता है कि जनता का विकास की राजनीति में विश्वास बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर गुजरात भाजपा के कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपानी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू वघानी को बधाई देते हुए कहा कि उनके पूरे राज्य में किए गए बेहतर कार्यों की वजह से ही भाजपा को यह सफलता मिली है।
मोदी ने कहा कि बीते कुछ दिनों से संसदीय उपचुनाव, विधानसभा उपचुनाव और स्थानीय चुनावों में भाजपा को सफलता मिली है। पूर्वोतर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
मोदी ने इसके लिए जनता का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव नतीजे बताते हैं कि जनता देश की तरक्की चाहती है। वह भ्रष्टाचार और कुशासन को स्वीकार नहीं कर सकती।
गौरतलब है कि गुजरात में जिला पंचायत, तहसील पंचायत और नगरपालिका की 125 सीटों पर हुए उपचुनाव के रुझान और नतीजों में भाजपा 109 सीटें जीत गई है। इससे पहले 125 में से 64 के करीब भाजपा की सीटें थीं जो बढ़कर 109 हो गई हैं।
कांग्रेस की पहले करीब 52 सीटें थीं जो घटकर 16 के करीब रह गई हैं। नोटबंदी के फैसले के बाद अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा को इसकी कीमत चुकानी होगी, लेकिन महाराष्ट्र और गुजरात के नतीजों से सारे अनुमान गलत साबित हो गए।