
कानो। आतंकी बोको हरम ने इससे साफ इनकार किया कि वह नाइजीरिया सरकार और नाटो से संघर्ष विराम को सहमत हुआ था। इस संबंध में नाइजीरिया सरकार द्वारा किए गए दावों को झूठ करार देते हुए उसने भविष्य में बातचीत से एक प्रकार से इनकार कर दिया है। गुट के नेता अबुबकर शेकाउ ने एक वीडियो में कहा कि बोरनो राज्य के दूरस्थ उत्तर पूर्वी शहर चिबोक से अप्रेल में अपह्वत 219 स्कूली लड़कियों को इस्लाम धर्म कबूल कराया गया और उनकी शादी कर दी गई।…

बोकोहराम ने पांच मई में एक वीडियो जारी किया था जिसमें करीब सौ लड़कियों को एक ग्रामीण इलाके में बुरके में दिखाया गया था। उसके बाद लड़कियों से संबंधित यह दूसरा वीडियो है। संगठन ने कहा है कि जर्मन का एक नागरिक भी उनके कब्जे में है जिसका उन्होंने इस वर्ष जुलाई में अपरहण किया था। छात्राओं की अपहरण की घटना को लेकर नाइजीरिया की सरकार को पूरे विश्व की कड़ी आलोचना झेलनी पड़ रही है।
मानवाधिकार संगठन से लेकर विश्व स्तर के कई सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया है और छात्राओं को तत्काल रिहा किए जाने की मांग को लेकर अभियान चलाया हुआ है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ने एक रिपोर्ट में कहा है कि बोकोहराम ने कम से कम 500 महिलाओं और लड़कियों को अपने कब्जे में रखा है और बलात निकाह उनके लिए आम बात है।
आतंकवादी संगठन के कब्जे से भागी एक लड़की ने कहा है कि वह चीबुक से अपह्वत लड़कियों को देख चुकी है। उसने कहा कि आतंकवादी संगठन ने अपने कब्जे में कुछ सुंदर लड़कियों को भी रखा है जिनके लिए चीबुक से अपह्वत लड़कियों से बलपूर्वक सफाई से लेकर खाना बनवाने का काम कराया जाता था।
उल्लेखनीय है कि इस संगठन ने छात्राओं को छोड़ने के बदले पहले कई तरह की बातें की हैं। एक बार उसने कहा था कि लड़कियों को बेच दिया जाएगा। इसके बाद उसका बयान आया कि बंदी बनाए गए बोकोहराम के सदस्यों को रिहा किए जाने के बदले लड़कियों को रिहा कर दिया जाएगा।
मालूम हो कि इससे पहले नाइजीरिया की सेना और राष्ट्रपति कार्यालय ने 17 अक्टूबर को कहा था कि शत्रुता समाप्त करने के लिए उग्रवादियों के साथ एक समझौता किया गया है। राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन के एक वरिष्ठ सहायक ने भी कहा था कि स्कूली छात्राओं की रिहाई के लिए एक समझौता हुआ है।