
महोबा। बुंदेलखंड में यौन उत्पीड़न के एक मामले में फरार चल रहे कथित संत श्याम गिरि अवधूत की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान छेड़ रखा है। इस क्रम में मध्यप्रदेश पुलिस ने गुरूवार रात यहां महोबा में संत के छिपे होने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर उसके अनुयायियों से पूछताछ की।
उत्तर प्रदेश में महोबा जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में स्थित दौनी आश्रम के संचालक महन्त श्याम गिरि अवधूत के खिलाफ यौन उत्पीडन का मुकदमा चार दिन पहले पंजीकृत किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि महंत की शिष्या रही बांदा की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि कथित सन्त अपने आश्रम में पिछले दस साल से उसे लगातार दुराचार का शिकार बनाता रहा है।
पीडिता का कहना है कि सन्त के अनुयायी उसके माता-पिता 13 साल की उम्र में उसे आश्रम में छोड़ गए थे हांलाकि श्याम गिरि ने छह माह पहले इस युवती का विवाह एक युवक से करा दिया था मगर वह उसे शारीरिक सम्बन्ध बनाए रखने के लिए अब भी धमका रहा था।
पुलिस ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए दौनी में श्यामगिरि के आलीशान आवास समेत पूरे परिसर को सील कर दिया है और वहां चौबीसों घंटे पुलिस का पहरा है। बाबा और उसके आश्रम में रहने वाले सेवादार मौके से फरा हो गए हैं जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।