
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली और एनसीआर में दिन में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने रविवार को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है।
इसके अलावा दिन के समय दिल्ली और एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में बारिश हुई और यह एक सामान्य घटना है। इससे पहले शनिवार को भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई थी।
बारिश के कारण राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान शनिवार को 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आद्रता 94 प्रतिशत रही। उच्चतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा।