

चित्तौडग़ढ़। चित्तौडगढ जिले में गत शनिवार तडक़े पारोली ग्राम में लूट के दौरान भील जाति की विवाहिता के साथ दुष्कर्म की घटना में लिप्त कालबेलिया गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चंदेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पारोली में हुई इस घटना में लिप्त सूठमाल गांव के कालबेलिया गिरोह को नामजद कर पुलिस ने घटना में लिप्त देवीलाल व राजूलाल कालबेलिया को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने वारदात करना स्वीकार करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी पुलिस को बता दिए हैं। इससे पूर्व पुलिस ने दुष्कर्म की शिकार हुई विवाहिता का मेडिकल करवाने के साथ धारा 164 में बयान भी दर्ज करवा लिए थे। विवाहिता ने उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की पहचान भी कर ली है।
उल्लेेखनीय है कि गत शनिवार तडक़े पारोली गांव में अपनी मां के साथ रह रही विवाहिता के घर में लाठियां व तलवार लेकर इस गिरोह के सदस्य प्रवेश कर गए व दोनों को बंधक बनाकर पहले तो उनके पहने सोने चांदी के जेवर उतरवा लूट लिए और बाद में एक बदमाश ने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया था।
घटना के बाद गांव की पंचायत भी बैठी थी जिसमें क्षेत्र के एक दबंग ने गांव की बात गांव में रखने का हवाला देते हुए पुलिस को केवल लूट की जानकारी दी थी लेकिन मौैका तस्दीक करने गए पुलिस अधिकारियों के समक्ष विवाहिता ने दुष्कर्म की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई थी।