

धौलपुर। धौलपुर के पूर्व बसपा विधायक बीएल कुशवाह की पत्नी शोभा रानी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। शहर में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी की मौजूदगी में शोभा रानी कुशवाह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
उनके साथ ही बसपा के कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि और समर्थक भी भाजपा में शामिल हो गए। समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि भाजपा सभी 36 कौम को साथ में लेकर चलने पार्टी है।
शोभा रानी कुशवाह के भाजपा में आने पर पार्टी और मजबूत होगी। परनामी ने शोभा रानी कुशवाह को भगवा पटका तथा शाल ओढाकर पार्टी में शामिल करने का ऐलान किया। समारोह में वक्ताओं ने भाजपा में शामिल हुई शोभा रानी कुशवाह को उप चुनाव में भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने तथा जीत का आर्शीवाद भी दे दिया।
इस मौके पर शोभा रानी कुशवाह ने भाजपा में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं राजस्थान राज्य पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष जगमोहन बघेल का आभार जताया। गौरतलब है कि बीएल कुशवाह वर्ष 2003 में बहुजन समाज पार्टी की टिकिट पर धौलपुर विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे।
इसके बाद में बीएल कुशवाह का नाम जनपद के चर्चित नरेश हत्याकांड में आया था। बीते साल आठ दिसंबर को धौलपुर की अपर सैशन एवं जिला अदालत ने बीएल कुशवाह को नरेश हत्याकांड में दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद में कुशवाह की विधानसभा की सदस्यता रदद हो चुकी है।
फिलहाल धौलपुर विधानसभा सीट है तथा उस पर उप चुनाव होना है। आज शोभारानी कुशवाह के भाजपा में शामिल होने के बाद में धौलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव समेत पूरी राजनीतिक समीकरणों में बदलाव तय माना जा रहा है।