

मुंबई। अपने पति पर उत्पीडन का मामला दर्ज करवाने वाली अभिनेत्री डिप्रेशन में है, ऐसा पुलिस जांच अधिकारी का मानना है।
तकरीबन १५ दिनों पहले यह खबर आई थी कि अभिनेत्री रति अग्निहोत्री ने वर्ली पुलिस थाने में अपने पति अनिल बिरवानी के खिलाफ उत्पीडऩ का मामला दर्ज कराया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर पाई है।
गौरतलब है कि अभिनेत्री रति अग्निहोत्री ने पति अनिल बिरवानी पर मारपीट, दहेज और महिला उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। इस मामले में वर्ली पुलिस आरोपी अनिल के खिलाफ आईपीसी की धारा ३५०,३२३,५०६ और ४९८ के तहत मामला दर्ज कर चुकी है।
रति के मुताबिक, उनके पति ने उनकी ७ मार्च को बुरी तरह पिटाई कर दी थी, जिसके बाद से दोनों में अनबन बढ़ गई। मिली जानकारी के अनुसार वर्ली पुलिस ने तो पहले इस मामले को दर्ज कर लिया, पर जब जांच करने पहुंची तो पुलिस के सामने कोई और तथ्य आया।
इस मामले की छानबीन कर रहे एक अधिकारी ने कहा, ऐसा लग रहा है कि वह डिप्रेशन में हैं। कोई भी कार्रवाई करने से पहले हमें उनसे मिलना होगा और गवाहों की एक लिस्ट तैयार करनी होगी। अधिकारी ने यह भी कहा कि रति के पति अपनी इस बात पर शुरू से अटल हैं कि उन्होंने उनके साथ कुछ भी गलत नहीं किया है।