

नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा के मशहूर अभिनेता-निर्माता शशि कपूर को मुंबई के पृथ्वी थिएटर में रविवार को सूचना प्रसारण मंत्री अरूण जेटली ने दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया। शशि कपूर यह सम्मान पाने वाले 16 वें अभिनेता है।
इस अवसर पर जेटली ने कहा कि आप एक बड़ी विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह आपके परिवार को मिलने वाला तीसरा पुरस्कार है हालांकि जिस तरह आपके परिवार से प्रतिभायें सामने आ रही है लगता नहीं की यह आखिरी होगा।
इस अवसर पर कपूर परिवार सहित बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां मौजूद रहीं। मुंबई के पृथ्वी थिएटर में आयोजित सम्मान समारोह में कपूर परिवार द्वारा तैयार किया गया एक ऑडियो-वीडियो भी दिखाया गया।
इस अवसर पर शशि कपूर की फिल्मों के सफर को भी दिखाया गया जिसे कपूर परिवार के सदस्यों ने तैयार किया था और इसमें उनसे जुड़ी कई बड़ी हस्तियों के उनके बारे में दिये वक्तव्य को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शशि कपूर को उनके फिल्म जगत को दिए योगदान के लिये धन्यवाद देते हुए कहा कि शशि कपूर एक अद्भुत सहयोगी और उदार दोस्त हैं। अमिताभ ने उनके बेटे कुणाल कपूर का भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने इस अवसर के लिए पृथ्वी थिएटर का चयन किया।
शशि कपूर दादा साहेब फालके पुरस्कार से सम्मानित होने वाले कपूर परिवार के तीसरे सदस्य हैं इससे पहले उनके पिता पृथ्वीराज कपूर को 1971 और बड़े भाई राजकपूर को 1987 में यह पुरस्कार दिया गया था। इस पुरस्कार के तहत स्वर्ण कमल और 10 लाख रुपए की धनराशि एवं अंगवस्त्र प्रदान किया जाता है।
शशि कपूर हिंदी सिनेमा के युगपुरुष कहे जाने वाले महान कलाकार पृथ्वीराज कपूर के सबसे छोटे बेटे और राज कपूर और शम्मी कपूर के भाई हैं। शशि कपूर का जन्म 18 मार्च 1938 को कोलकाता में हुआ। उनका असली नाम बलबीर राज कपूर है।
शशि कपूर ने अपने सिने कैरियर की शूरूआत बाल कलाकार के तौर पर 40 के दशक में की थी। साठ,सत्तर और अस्सी के दशक में वह फिल्म जगत के मुख्य अभिनेता रहे थे।
उन्हें वर्ष 2011 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी मुख्य फिल्मों में दीवार, जनून, नमकहलाल, कभी-कभी, जब-जब फूल खिले, त्रिशूल, रोटी-कपडा और मकान, सिलसिला है। उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ 12 फिल्मों में काम किया जो कि बड़ी हीट रहीं।
उनका विवाह जेनेफर से हुआ था तथा उनके दो बेटे कुणाल, कर्ण और एक बेटी संजना हैं। धर्मपुत्र अभिनेता के रुप में उनकी पहली फिल्म थी। उन्होंने कुल 116 फिल्मों में काम किया जिसमें से 61 फिल्मों में उन्होंने हीरो की भूमिका निभाई ।