![महंगा पडा जेटली से पंगा, कीर्ति आजाद बीजेपी से सस्पेंड महंगा पडा जेटली से पंगा, कीर्ति आजाद बीजेपी से सस्पेंड](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2015/12/bjp-kirti.jpg)
![DDCA row : MP Kirti Azad suspended from BJP, kejriwal says paid price for exposing corruption](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2015/12/bjp-kirti.jpg)
नई दिल्ली। भाजपा सांसद कीर्ति आजाद को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के कथित भ्रष्टाचार में केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली का नाम उछालना महंगा पड गया। भाजपा ने कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित कर दिया है।
कीर्ति आजाद को निलंबित किये जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भाजपा को आडे हाथ लिया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी में लोकतंत्र नही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ उठने वाली आवाज को कुचल दिया गया। उन्होंने लिखा कि अब लोगों को पता चल गया कि भाजपा पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है। इसी भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के लिए कीर्ति आजाद को पार्टी से निकाल दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपना हमला तेज करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर वह उनकी जगह होते तो वित्त मंत्री अरूण जेटली को तत्काल हटा चुके होते।
दिल्ली और जिला क्रिकेट एसोसिएशन में कथित अनियमितताओं को लेकर ताजा हमला करते हुए केजरीवाल ने ट्वीट किया कि अगर मैं नरेंद्र मोदी जी की जगह होता तो जेटली जी को तत्काल हटा देता। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी ट्वीट किया कि खेल संगठन में राजनीति नहीं होनी चाहिए। पेशेवरों के पास खेल का नियंत्रण देना चाहिए।
भाजपा ने कारण बताओ नोटिस जारी कर कीर्ति आजाद से पूछा है कि उनकी सदस्यता क्यों न खत्म की जाए। पार्टी ने आजाद को इसका जवाब देने के लिए 14 दिनों का समय दिया है। वहीं कीर्ति आजाद ने कार्रवाई पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि हमने पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए काम किया, लेकिन अगर पार्टी हमारे खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई करती है तो यह पार्टी का दुर्भाग्य है।
भाजपा में लोकतंत्र पर पार्टी को बदनाम करने का अधिकार नहीं
भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि भाजपा में पूरी तरह से लोकतंत्र है लेकिन यह लोकतंत्र किसी को पार्टी को बदनाम करने का कतई अधिकार नहीं देता। कीर्ति ने संसद में सरकार को शर्मिंदा किया। अब उनके खिलाफ कार्रवाई का समय है। उनकी इस अनुशासनहीनता से पार्टी कैडर के लिए अच्छा संकेत नहीं गया। कीर्ति पिछले कुछ समय से जेटली पर हमला बोल रहे थे। हालांकि, अपने इन हमलों में उन्होंने जेटली का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया था।
इस विवाद को थामने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कीर्ति को जेटली के खिलाफ नहीं बोलने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने सलाह को दरकिनार करते हुए एक संवाददाता सम्मेलन बुलाकर वित्त मंत्री जेटली के खिलाफ हमला बोलते हुए उनके खिलाफ एक सीडी भी जारी की थी। इसके बाद से ही उन पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी।
हालांकि आज ही पाटलीपुत्र से पार्टी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी आजाद के समर्थन में उतर आए थे। सिन्हा का कहना था कि आजाद हीरो हैं और उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जानी वाहिए।
कांग्रेस ने कीर्ति आजाद के निलंबन पर सवाल उठाया
उधर, कांग्रेस ने कीर्ति आजाद के निलंबन पर सवाल उठाया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि कीर्ति आजाद को बीजेपी से सस्पेंड कर दिया गया। उनका अपराध? डीडीसीए में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दे को तथ्य और सबूतों के साथ पेश करना।
जानकारी हो कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भगवत झा आजाद के पुत्र कीर्ति आजाद 1983 में विश्व कप जीतने वाली क्रिकेट टीम के सदस्य रहे हैं। इसके बाद वर्ष 1993 में आजाद ने राजनीतिक करियर की शुरूआत की और भाजपा के टिकट पर दिल्ली में विधायक का चुनाव जीते। इसके बाद अपने गृह नगर दरभंगा से तीसरी बार भाजपा के टिकट पर सांसद हैं।