

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी के साथ ‘डियर’ विवाद में उलझने के बाद केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने खुद को ‘आंटी नेशनल’ बताया है।
स्मृति ईरानी ने फेसबुक पर बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी पर पलटवार करते हुए एक पत्र पोस्ट किया और खुद को आंटी नेशनल बताया। पोस्ट में उन्होंने बतौर मानव संसाधन मंत्री किए गए अपने कामों का भी उल्लेख किया। साथ ही इस देश में लिंग के आधार पर औरतों के संघर्ष पर भी कई टिप्पणियां की।
ईरानी ने कहा कि जब वह छोटी थी, उस वक्त लड़कियों को जवाब नहीं देने के लिए कहा जाता था। लोगों को इससे फर्क नहीं पड़ता था कि लड़के, लड़कियों को कितना अपमानित करते थे। अगर कोई लड़की जवाब देती भी थीं तो उसे अक्खड़ मान लिया जाता था।
उन्होंने सवाल किया कि लड़कियों को जवाब क्यों नहीं देना चाहिए? लड़कियों को चुप रहने को क्यों कहा जाता है? मुझे आंटी नेशनल कहिए, फर्क नहीं पड़ता। मैं आलोचना का सामना करने में विश्वास करती हूं, इससे भागती नहीं।
जानकारी हो कि मंगलवार को बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने ट्वीटर पर स्मृति को डियर’ कहा था, जिस पर उन्होंने एतराज जताया था। बाद में इस बहस में ट्विटर यूजर्स भी कूद पड़े थे।
अशोक चौधरी ने अपने ट्वीट में कहा था कि डियर स्मृति ईरानी जी कभी राजनीति और भाषण से वक्त मिले तो शिक्षा नीति की तरफ भी ध्यान दें। डियर स्मृति ईरानी जी, हमें नई शिक्षा नीति कब मिलेगी?
आपके कैलेंडर में 2015 कब खत्म होगा। इसके बाद स्मृति ने इस पर अपनी पोस्ट में जवाब दिया और कहा कि महिलाओं को कब से ‘डियर’ कहकर संबोधित करने लगे अशोकजी?