

मुंबई। बॉलीवुड के अभिनेता रणवीर सिंह और डिंपल गर्ल दीपिका पादुकोण को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री का स्क्रीन अवार्ड दिया गया है।
स्क्रीन अवाडर्स में इस बार रणवीर सिंह को उनकी फिल्म बाजीराव-मस्तानी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवार्ड दिया गया है। अमिताभ बच्चन और रणवीर सिंह को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। अमिताभ को यह अवॉर्ड ‘पीकू’ में उनके किरदार के लिए दिया गया है।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड दीपिका पादुकोण को ‘पीकू’ में उनके शानदार अभिनय के लिए मिला। बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान को फिल्म ‘दिलवाले’ के लिए लोकप्रिय अभिनेता और दीपिका को ‘बाजीराव-मस्तानी’ के लिए लोकप्रिय अभिनेत्री का अवॉर्ड मिला।

इरफान खान ने जूरी च्वाइस सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड फिल्म तलवार के लिये मिला, जबकि कल्कि कोचलिन ने जूरी च्वाइस सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड फिल्म मार्गरिटा विद अस्ट्रा के लिए मिला।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार कबीर खान को उनकी सुपरहिट फिल्म बजरंगी भाईजान के लिए दिया गया। ऋषि कपूर को लाइफटाइम अचीवमेंट स्टार स्क्रीन अवार्ड्स दिया गया। सर्वश्रेष्ठ फिल्म (जूरी) का पुरस्कार तलवार और सर्वश्रेष्ठ फिल्म (पॉपुलर) का पुरस्कार बजरंगी भाईजान को मिला।