

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जूता फेंकने वाले व्यक्ति को जमानत दे दी। 28 वर्षीय वेद प्रकाश को खराब स्वास्थ्य के आधार पर जमानत दी गई है।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अभिलाष मल्होत्रा ने कहा कि अभियुक्त वेद प्रकाश का स्वास्थ्य काफी खराब है और हिरासत में उनसे पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। इसके आलावा अंतरिम जमानत के दौरान उन्होंने अच्छे आचरण को बनाए रखा है इसलिए उन्हे जमानत दी जाती है।
वेद प्रकाश आम आदमी सेना का महासचिव है। इससे पहले गत 22 अप्रैल को भी स्वास्थ्य कारणों से उन्हे अतंरिम जमानत पर रिहा कर दिया था। वह हेपेटाइटिस से पीड़ित है।
आम आदमी सेना के दिल्ली अध्यक्ष वेद प्रकाश ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर दिल्ली सचिवालय में सम-विषम को लेकर एक प्रेस वार्ता के दौरान जूता फेंका था। हालांकि जूता केजरीवाल को लगा नहीं था।
प्रकाश ने केजरीवाल को सीएनजी स्टिकरों के वितरण में कथित अनियमितताओं की बात बताने की भी कोशिश की थी जिसे केजरीवाल ने अनसुना कर दिया। इसके बाद ही उसने केजरीवाल पर जूता फेंक दिया। वेद प्रकाश को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-186, 353 और 355 के तहत गिरफ्तार किया गया था।