

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर हिट एंड रन मामले में आरोपी टैम्पो चालक को गुरुवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मृतक मतिबुल पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। उसकी तीन बेटियां हैं। दिल्ली में वह अकेला रहता था और दिन में ई-रिक्शा चलाने के साथ-साथ रात में चौकीदारी का काम भी करता था। हादसे के समय वह अपनी रात की ड्यूटी से लौट रहा था।
सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज के अनुसार सुभाष नगर में बुधवार सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर एक व्यक्ति पैदल डीडीयू अस्पताल की ओर जा रहा था। इस दौरान बेकाबू टैम्पो ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इससे वह घायल होकर सडक़ किनारे गिर गया।
घटना को अंजाम देने के बाद चालक ने टैम्पो रोका और उतर कर अपने टैम्पो का मुआयना किया और फरार हो गया।
घायल मतिबुल तड़पता रहा लेकिन कोई उसकी मदद को नहीं आया और उसने दम तोड दिया। बाद में एक राहगीर पीडित का मोबाइल उठा ले गया। पुलिस को घटना की सूचना 7 बजे मिली।