
भिण्ड। गोरमी थाना क्षेत्र में नशे में चूर एक पति ने अपनी पत्नी के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।
घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी अनुसार पूजा पत्नी उम्मेद शकवार (22) निवासी गोरमी अपने घर का काम कर रही थी कि तभी उसका पति नशे की हालत में आया। पति को नशे की हालत में देख दोनों का विवाद होने लगा।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए पति ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर माचिस से आग लगा दी। जिससे वह झुलस गई और उसकी हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी तुरंत थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देख तुरंत उसे ग्वालियर रैफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामला पंजीबद्ध कर लिया है।