

जोधपुर। रातानाडा थाना क्षेत्र स्थित पार्क प्लाजा होटल में ठहरी विदेशी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ के आरोपी इलेक्ट्रीशियन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। उसने विदेशी महिला को सेक्स के लिए प्रपोज किया था।
पुलिस ने बताया कि स्पेन की रहने वाली 33 वर्षीय एक महिला पांच सितंबर को जोधपुर आई थी। वह होटल पार्क प्लाजा में रूकी थी। मंगलवार रात में उसके कमरे में लाइट नहीं जलने पर होटल स्टाफ को सूचित किया।
इस पर होटल के इलेक्ट्रीशियन झुंझुनूं के चिडावा का रहने वाला छोटेलाल पुत्र उम्मेद प्रकाश जाट कमरे पर आया। उसने लाइट ठीक करते समय महिला पर्यटक को शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाया और मजबूर करने के लिए अद्र्ध नग्न हो गया। इस पर महिला ने उसे डांटडपट कर भगा दिया।
बुधवार सुबह महिला पर्यटक का गाइड होटल पहुंचा तब उसने गाइड को रात की घटना की जानकारी दी। उसके बाद उन्होंने मैनेजर को शिकायत की। फिर वे रातानाडा पुलिस थाना पहुंचे। यहां पुलिस ने लज्जाभंग का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। उस पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले का चालान पेश करने की सारी तैयारियां कर ली है। पुलिस संभवत: आज शाम तक चालान पेश कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 में जर्मनी से जोधपुर घूमने आई एक महिला के साथ ऑटो चालक और उसके साथी ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने उस मामले में तीन दिन में अनुसंधान पर जांच रिपोर्ट पेश कर दी थी।
न्यायालय ने महज सोलह दिन में ही मामले की सुनवाई करते हुए आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुना देश में एक नजीर पेश की थी। पूरे देश में इस तरह का यह पहला मामला था जिसमें इतनी त्वरित गति से न्यायालय ने अपना फैसला सुनाया।