

सिडनी। पश्चिमी आस्ट्रेलिया में अपने पिता के साथ समुद्र की सैर करने के दौरान 17 वर्षीय किशोरी पर शार्क ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शार्क के हमले में किशोरी का पैर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। माना जा रहा है कि सोमवार अपराह्न विशालाकाय सफेद शार्क ने उस पर हमला किया। समुद्र के इस इलाके में यह सफेद शार्क पिछले हफ्ते ही देखी गई थी।

घायल किशोरी को घटनास्थल पर ही तत्काल आपात चिकित्सा मुहैया कराई गई और नजदीकी एस्पेरेंस शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बावजूद सोमवार की शाम को किशोरी ने दम तोड़ दिया।
घटना के समय किशोरी की मां और भाई-बहन भी समुद्र तट पर ही मौजूद थे। उन्होंने हमले को अपनी आंखों से देखा, जिससे वे बेहद डरे-सहमे थे।
पश्चिमी आस्ट्रेलिया के दक्षिणी समुद्र तट पर बीते तीन वर्षो में शार्क का यह चौथा जानलेवा हमला है। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों को आने वाले दिनों में क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है।