

मुंबई। नई मुंबई स्थित कोपरखैरणे में पुलिस ने तीन पतियों को फंसा चुकी जालसाज महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अन्य लोगों को भी ठगती थी। इस मामले की सघन जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार की गई महिला भक्ति उर्फ सारिका शिंदे के पास से पुलिस ने नकली पुलिस अधिकारी का परिचय पत्र, पुलिस अधिकारी की वर्दी व अन्य कागज, पत्र भी बरामद किया है।
जांच में पता चला है कि भक्ति ने इससे पहले दो लोगों से विवाह किया था और उन लोगों ने भक्ति की असलियत जानने के बाद उससे किनारा कर लिया था। पिछले साल भक्ति ने नई मुंबई के प्रदीप ह्मात्रे से विवाह रचाया था।
हालांकि भक्ति को पहले पति से दो संतान हैं। पुलिस के अनुसार प्रदीप को जब भक्ति की असलियत का पता चला तो उन्होंने इस मामले की शिकायत कोपरखैरणे पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई जिससे भक्ति का भांडा फूट गया और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।