

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में इस बार जहां स्टार भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं तो वहीं मोरित्ज फ्युरस्ते और फ्लोरियन फुक्स जैसे दिग्गज विदेशी खिलाड़ी भी अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है।
18 जनवरी से 21 फरवरी तक देश के छह अलग-अलग स्थानों में 34 दिनों तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें गत विजेता रांची रेज समेत जेपी पंजाब वॉरियर्स, दिल्ली वेवराइडर्स, कलिंगा लांसर्स, उत्तर प्रदेश विजाड और दबंग मुंबई हिस्सा लेंगी।
भारतीय खिलाड़ियों के अलावा विदेशी खिलाड़ी भी लीग की फ्रेंचाइजियों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहे हैं। इस सत्र में कलिंगा लांसर्स ने जर्मनी के स्टालवार्ट मोरित्ज फ्युरस्ते को सबसे अधिक कीमत पर खरीदा हैं। 31 वर्षीय मोरित्ज को यूरो हॉकी लीग के लिए भी चुना गया था।

वर्ष 2011 के यूरोपियन प्रतियोगिता में उन्हें प्रतियोगिता का सबसे अहम खिलाड़ी का पुरस्कार भी दिया गया था। मोरित्ज को कंलिगा लांसर्स ने एक लाख पांच हजार डॉलर की राशि में खरीदा हैं। विश्व में सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर मोरित्ज इस सत्र में विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती होंगे।
वर्ष 2008 और 2012 में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे जर्मनी के ही टोबियस हॉक ड्रैग फ्लिकर वी आर रघुनाथ और भारतीय गोलकीपर पी आर श्रीजेश के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश विजाड की तरफ से खेलते हुए प्रशंसकों को अपना जौहर दिखाते नजर आएंगे।
जर्मनी के फलोरियन फुक्स दबंग मुंबई की तरफ से मैदान पर अपनी दबंगई दिखाएंगे। फुक्स को 2012 में यंग प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिल चुका है। दंबग मुंबई ने उन्हें 96 हजार डॉलर की राशि चुका अपनी टीम में शामिल किया है।
जर्मनी के अलावा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी इस लीग में हिस्सा ले रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के साइमन आर्कड को जेपी पंजाब की टीम ने 71 हजार डॉलर में खरीदा है। वह 2010 के हॉकी विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता है।
इसके अलावा रांची रेज की टीम में भी कुछ विदेशी खिलाड़ी है जिनमें जेक्सन प्रमुख है। रांची ने उन्हें 95 हजार यूएस डॉलर की राशि की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है।