

सबगुरु न्यूज-सिरोही। सिरोही जिला मुख्यालय पर ही बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर दो जगह कांग्रेस की आक्रोश रैली के बाद जनसभा होगी। जिला कांग्रेस की अध्यक्ष गंगाबेन गरासिया के आह्वान पर डाक बंगले से पैदल मार्च निकलेगा और सरजावाव दरवाजे पर आमसभा होगी, इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संयम लोढा होंगे और विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश शर्मा होंगे। वहीं जिलाध्यक्ष के कार्यक्रम से इतर कांग्रेस का दूसरा गुट मुख्य कार्यक्रम से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर स्थित अम्बेडकर सर्किल पर जनसभा रखेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गंगाबेन गरासिया ने प्रेसनोट जारी कर बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के निर्देश पर कांग्रेस के प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत सिरोही जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को सुबह 11 बजे सिरोही शहर में अहिंसा सर्किल डाक बंगलो के बाहर से राज्य की भाजपा सरकार की तीन साल की विफलताओ को लेकर पैदल मार्च रवाना होगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पैदल मार्च अहिंसा सर्कल से कॉलेज, पैलेस रोड, बग्गी खाना, नीलवणी चौक, मुख्य बाजार होते हुए, सरजावाव गेट पहुंचेगा फिर आम सभा होगी। मुख्य वक्ता पूर्व विधायक संयम लोढा होंगे एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा भाग लेंगे।
इससे पूर्व मंगलवार को पूर्व विधायक संयम लोढा जिलाध्यक्ष गंगाबेन गरासिया, प्रधान जीवाराम आर्य, जिला उपाध्यक्ष जोगाराम मेघवाल, सचिव मुख्तियार खान, विनोद देवडा, जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष मारूफ हुसैन, प्रतिपक्ष नेता ईश्वरसिंह डाबी, उपभोक्ता भण्डार अध्यक्ष जितेन्द्र ऐरन, महिला अध्यक्ष हेमलता शर्मा, मीरादेवी रावल, पार्षद महेन्द्र मेवाडा, गोपीलाल, सीता, तलसाराम भील, पिंकी राकेश रावल, नेनाराम माली, जितेन्द्र सिंघी, जेसाराम मेघवाल गोयली, छगन सुथार ने सभा स्थल का अवलोकन किया एवं तैयारियों को अन्तिम रूप दिया।
लोढा ने डाक बंगले में कांग्रेस पार्षदों के साथ रैली को लेकर तैयारियो के संबंध में विचार विमर्श किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी, मांगीलाल रावल, कुलदीप रावल, वसंतभाई गोयली आदि कार्यकर्ता साथ थे।

इसी तरह दूसरे गुट के कार्यक्रम का प्रेसनोट जारी कर सिरोही ब्लॉक कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष मोहनलाल सीरवी ने बताया कि पैदल मार्च 12 बजे रामझरोखा से शुरू होगा। भाटकडा होते हुए अम्बेडकर सर्किल पहुंचेगा। यहां पर जनसभा होगी। प्रेस नोट में सीरवी ने लिखा है कि गंगाबेन गरासिया उनके साथ ही रहेंगी।
वहीं प्रदेश कांग्रेस सचिव गुमानसिंह देवडा, प्रदेश सचिव इंदरसिंह देवडा, लोकसभा की पूर्व प्रत्याशी संध्या चौधरी, सिरोही नगर परिषद की पूर्व चेयरमेन जयश्री राठौड, पूर्व जिला प्रमुख चंदनसिंह देवडा, पिण्डवाडा के पूर्व चेयरमेन अचलसिंह बालिया, जिला परिषद सदस्य पुखराज गहलोत, कुलदीपसिंह देवडा, अनुसूचित जाति विभाग के गलबाराम गोयल सहित अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व ब्लॉक के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
रैली के लिए पांचों तहसीलों में जनसंपर्क किया। मंगलवार को उक्त पदाधिकारियों समेत युवा कांग्रेस के लिए प्रदेश सचिव सिद्धार्थ गहलोत, जगदीश माली आदि ने तैयारियों का जायजा लिया।