

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को रोडवेज की बसों में महिलाएं-बालिकाएं मंगलवार रात 12 बजे से बुधवार रात 12 बजे तक तक नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
निशुल्क यात्रा की सुविधा केवल राजस्थान राज्य की सीमा में तक मिलेगी। इस बार एसी वॉल्वो में यह छूट नहीं मिलेगी। रोडवेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीलक्स, सेमी डीलक्स, एक्सप्रेस और साधारण श्रेणी की सभी बसों में यह सुविधा मिलेगी।
इसके लिए महिलाएं आरक्षण करवा सकती हैं। राज्य के सभी डिपो में आरक्षण की व्यवस्था सोमवार से ही यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। यात्रीभार के अनुरूप अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी। स्थानीय स्तर पर महिलाओं की सहायतार्थ प्रमुख जगहों पर महिला कर्मचारियों को लगाने के आदेश दिए गए हैं।
रोडवेज मुख्यालय ने सभी आगार प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि होली को ध्यान में रखते हुए इस दौरान अतिरिक्त राजस्व एकत्र किया जाए। इसके लिए अतिरिक्त बसें भी लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।