

मुंबई। विवादित राधे मां पर उनके एक पुराने भक्त और कारोबारी मनमोहन गुप्ता ने मुंबई के बोरीवली पुलिस थाने में जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है। इससे राधे मां उर्फ सुखविंदर कौर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं।
उल्लेखनीय है कि उनके खिलाफ निक्की गुप्ता ने जहां दहेज उत्पीडन का मामला दर्ज करवाया था, वहीं आरटीआई कार्यकर्ता असद पटेल ने भी एक मामला उनके खिलाफ दर्ज करवाया था।
मुंबई के पश्चिम उपनगर में एमएम मिठाई वाला के नाम से विख्यात कारोबारी मनमोहन गुप्ता ने राधे मां पर जान से मारने की धमकी तक देने का आरोप लगाते हुए बोरीवली पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
मामले में राधे मां के साथ उनकी करीबी छोटी मां को भी आरोपी बनाया गया है। बताया जाता है कि मनमोहन गुप्ता और उनका परिवार ही सुखविंदर को मुंबई लाया था और राधे मां के रूप में उनको प्रचारित करवाकर प्रसिदिध दिलवाई थी।
गुप्ता द्वारा लगाए गए आरोपों को दर्ज करके पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यहां उल्लेखनीय है कि राधे मां के खिलाफ यह कोई पहली पुलिस शिकायत नहीं है।
औरंगाबाद से मुंबई आने वाले विमान में त्रिशूल लेकर यात्रा करने के कारण मुंबई पुलिस ने पिछले साल राधे मां के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरटीआई कार्यकर्ता असद पटेल ने राधे मां पर आरोप लगाया था कि सुखविंदर कौर उर्फ राधे मां ने अगस्त 2015 में विमान में त्रिशूल लेकर यात्रा की थी।
इसके पहले मुंबई की रहने वाली निक्की गुप्ता ने भी पिछले साल राधे मां के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। हालांकि दहेज उत्पीडऩ के संदर्भ में पुलिस ने मामले को दर्ज करके अपनी जांच रिपोर्ट न्यायालय में सौंप दी है।