

जयपुर। नगर निगम जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था को सु्दृढ़ करने के लिए कचरा परिवहन के उपयोग व अन्य कार्यो में आने वाले सभी 400 वाहनों पर व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाएगा।
स्वायत्त शासन मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने रविवार दोपहर नगर निगम मुख्यालय पर व्हीकल ट्रैकिग सिस्टम का लोकार्पण किया एवं इस दौरान चार वाहनों को जिन पर व्हीकल ट्रैकिग सिस्टम लगाया गया था उन्हे झंडी दिखाकर रवाना किया।

महापौर निर्मल नाहटा, उप महापौर मनोज भारद्वाज, प्रमुख शासन सचिव डा. मनजीत सिंह, आयुक्त नगर निगम आशुताष ए.टी. पेडणेकर, सभी पार्षद, निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय पुरूषोत्तम बियानी, परियोजना निदेशक प्रीती माथुर, मुख्य अभियन्ता स्थानीय निकाय निदेशालय, रूफिडको एवं आर.यू.आई.डी.पी., अतिरिक्त आयुक्त राकेश शर्मा नगर निगम के सभी जोनल उपायुक्त, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता सुभाष गुप्ता, उपायुक्त स्वास्थ्य, उपायुक्त राजस्व, अधीक्षण अभियन्ता एवं अन्य अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित थे।
आयुक्त पेडणेकर ने बताया कि व्हीकल ट्रैकिग सिस्टम (वी.टी.एस) के माध्यम से मशीनों-वाहनो की वाहन की वास्तविक स्थिति , संचालन-रूकने का समय व गैराज-वार्ड से ट्रांसफर स्टेशन, कचरागाह तक लगाए गए ट्रिप की स्थिति प्राप्त हो सकेगी।
नगर निगम द्वारा वाहनो में लगाए वी.टी.एस. का मोबाईल एप भी विकसित किया गया है जिसके द्वारा किसी भी अधिकारी-मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक द्वारा उनके क्षेत्र विशेष अथवा आसपास के समस्त वाहनो की स्थिति ज्ञात की जा सकती है।