

भरुच। भारतीय जनता पार्टी गुजरात प्रदेश के महामंत्री व भरुच जिले के निवासी भरत सिंह परमार शुक्रवार की शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर पालेज के निकट हुई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।
उन्हें तत्काल इलाज के लिए भरुच स्थित हिलिंग टच अस्पताल में लाया गया जहां से उन्हें सूरत स्थित महावीर अस्पताल में शाम पांच बजे रेफर कर दिया गया। पूर्व राज्यसभा सदस्य व प्रदेश महामंत्री भरत सिंह परमार के बांए कंधे हाथ व पैर में चोटे आई।
मिली खबर के अनुसार शुक्रवार को पालेज के पास नारायण बापू के आश्रम में जा रहे भरत सिंह परमार की कार को पालेज के पास पीछे से आ रहे एक टेंपो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस घटना में भरत सिंह परमार घायल हो गए। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए भरुच लाया गया जहां इलाज के बाद सूरत महावीर अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग मे रेफर कर दिया गया।
पूर्व राज्यसभा सदस्य व भाजपा के प्रदेश महामंत्री की सड़क दुर्घटना में घायल होने का समाचार पाते ही हीलिंग टच अस्पताल के बाहर भाजपा के नेताओ व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया था।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह गोहिल के साथ तहसीलदार प्रजापति, भाजपा नेता मारुति सिंह अटोदारिया आदि पहुंच गए। परमार ने कहा कि वे पूरी तरह से ठीक है व कार्यकर्ताओं को चिंता करने की कोई जरुरत नहीं है, वे अच्छे काम के लिए जा रहे थे।