![दिल्ली में तेज बारिश से जलभराव, यातायात जाम दिल्ली में तेज बारिश से जलभराव, यातायात जाम](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2017/08/vcdsa.jpg)
![Heavy rain causes water-logging, traffic jams in Delhi](https://www.sabguru.com/wp-content/uploads/2017/08/vcdsa.jpg)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह हुई बारिश ने लोगों को पिछले कुछ दिनों की गर्मी व तपिश से राहत दिलाई। पर इससे शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को यातायात जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
बारिश से यहां तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। यह पूर्वाह्न् 11.30 बजे 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह सामान्य से चार डिग्री अधिक 38 डिग्री सेल्सियस था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 23.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह 8.30 बजे से पूर्वाह्न् 11.30 बजे के बीच 1.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कों पर जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हुआ। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जलभराव के चलते सागरपुर और धौला कुआं, मोती नजर मेट्रो स्टेशन और शहर के कई हिस्सों में यातायात जाम हो गया।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली और फरीदाबाद को जोड़ने वाले हमदर्द नगर व बदरपुर मार्ग पर एक पेड़ गिर गया, जिससे डीटीसी बस टूट गई। इस कारण मार्ग पर यातायात बाधित हुआ।बारिश के दौरान लोग जगह-जगह पेड़ों और फ्लाईओवरों के नीचे शरण लिए हुए नजर आए।
यहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश तथा बदली छाए रहने का अनुमान जताया है।