

सबगुरुन्यूज/पवन पांडे
पाली। पाली शहर में शुक्रवार को रामनवमीं के उपलक्ष्य में विराट शोभायात्रा निकाली गई। यह पहला मौका था जब शोभायात्रा में 90 से अधिक झांकियां शामिल हुई। दस हजार से अधिक लोग शोभायात्रा के साथ चल रहे थे। दो बैंड स्वर लहरियां बिखर कर शोभायात्रा की शान बढाए रहे।
रामनवमीं की शोभायात्रा शहर के पानी दरवाजा स्थित रघुनाथ मंदिर से रवाना हुई। शोभायात्रा को सांसद पी पी चौधरी, विधायक ज्ञानचंद पारख, सभापति महेन्द्र बोहरा, शंकर भासा, परमेश्वर जोशी, सुरजानदास महाराज, संत जोगाराम, श्यामसुन्दर गुप्ता, विजयराज सोनी का सान्निध्य मिला।

राममय झांकियों से सुशोभित यात्रा में श्रीराम के बाल्यावस्था से लेकर वनवास तक की झांकियां सजाई गई थीं। राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान के रूपों में सजे हुए बच्चे रास्ते में स्वागत को खड़े श्रद्धालुओं का मन मोह रहे थे।
बजरंग दल, आर्यवीर दल, महाराणा प्रताप कमाण्डो फोर्स के अखाड़ों ने अपने हैरतअंगेज करतब दिखाए। शोभायात्रा सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई जो शहर के रघुनाथ मंदिर से पल्लीवालों का बास, बादशाह का झण्ड़ा, सर्राफा बाजार, उदयपुरिया बाजार, गुलजार चौक, राणा प्रताप चौक, पुरानी सब्जी मंड़ी, रूई कटला, धानमंडी, पटवा बाजार, सर्राफा बाजार, फतेहपुरिया बाजार होकर वापस रघुनाथ मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई।

शोभायात्रा जिस मार्ग से भी गुजरी वहां मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। समापन के बाद महोत्सव समिति के द्वारा रघुनाथ मंदिर में आरती की गई।

कोहीनूर बैंड ने शोभायात्रा में बांधा समा
धीरज धरम मित्र और नारी आपत्ति काल परख ये चारी, राम नाम के हीरे मोती में बिखराउं गली गली, श्रीराम जी चले ना हनलुमान के बिना जैसे गीतों व भजनों व श्रीरामचरितमानस की चौपाइयां गाकर भजन गायक अजीज भाई कोहिनूर शोभायात्रा में चार चांद लगा रहे थे। कोहिनूर बैंड के लतीफ भाई कोहिनूर अपनी टीम शोभायात्रा को संगीतमय रहे थे।

बजरंग दल ने भी श्रीराम के जयकारों की हुंकार
बजरंगदल के कार्यकर्ता प्रांत संयोजक किशन प्रजापत के नेतृत्व में दल बल के साथ भगवान श्रीराम के जयकारों से आसमान को गुंजायमान कर रहे थे। सौगंध राम की खाते हैं, गौहत्या को बंद करो यह संकल्प हमारा है जैसे नारों के अपने शौर्य का प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रत्येक समाज की झांकियां एवं उनके साथ चले रहे समाज बंधु, विद्यालय की झांकियों के साथ विद्यार्थी एवं संचालक कदम से कदम मिलाकर चर रहे थे। प्रभातफेरी संकीर्तन मंडल की महिलाएं जय श्री राम के उद्घोष के साथ यात्रा की शोभा बढा रहीं थीं। गायत्री परिवार के सदस्य यज्ञ, सांई बाबा मंदिर के सदस्य झांकी के साथ दही चावल का प्रसाद वितरण कर रहे थे। शोभायात्रा का आईसक्रीम, शर्बत, मिल्क शेक, जल, शिकंजी पिलाकर कई जगह स्वागत किया गया।

मुस्लिम समाज ने पेश की मिसाल
रुई कटला में जैसे ही शोभायात्रा पहुंची तो वहां मुस्लिम समाज द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। नगर परिषद सभापति महेन्द्र बोहरा समेत पार्षदों ने धानमंडी में महोत्सव समिति के सदस्यों का साफा एवं माला पहना बहुमान किया तथा भगवान राम के जन्मोत्सव की बधाईयां दी।

धानमंडी स्थित चौक में नगर परिषद की ओर से नींबू शर्बत पिलाने के साथ शोभा यात्रा का पार्षद विकास बुबकिया, अशोक बंजारा, लाल भाई, ताराचंद माहेश्वरी, जितेन्द्र व्यास, मुकेश गोस्वामी, ललित प्रितमानी, शिवराम जाट, रघुवीरसिंह खंगारोत, सुदर्शन जांगू, दिनेश दवे, बालकिशन व्यास आदि ने स्वागत किया।
शोभा यात्रा जूलूस के साथ चल रहे सफाई कर्मियों द्वारा हाथोंहाथ सफाई भी की जा रही थी। भगवान श्रीराम का रथ इंजीनियर पंकज जोशी एवं उनके साथी खींच रहे थे।

इनका किया सम्मान
प्रत्येक झांकी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मनित किया गया। महोत्सव समिति ने अध्यक्ष श्यामषुन्दर गुप्ता का माला साफा एवं प्रतीक चिन्ह देकर बहुमान किया गया। समिति के विजयराज सोनी पुरण प्रकाश निम्बार्क ओमप्रकाश दायमा केलाश टेवाणी शान्तिलाल मण्डोरा मनोहरलाल चौपड़ा भीमराज चौधरी महेश सोनी भंवरसिंह राजपुरोहित सीताराम जोशी, शंकरलाल जोशी, लेखराज सोनी बाबूलाल कुमावत सहित कई कार्यकर्ता शोभा यात्रा को सफल बनाने में लगे हुए थे।