

मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर रविवार तड़के पनवेल के पास हुई दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 माह का एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 33 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती काराया गया है।
यह हादसा अलसुबह क़रीब तीन बजे पनवेल के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक़ पुणे से मुंबई की ओर आ रही एक मारुती स्विफ़्ट कार का टायर पनवेल के करीब पंक्चर हो गया था। इस कार के यात्रियों की मदद के लिए पीछे से आ रही एक इनोवा वहां रुकी।
ये लोग स्विफ़्ट कार का टायर बदल रहे थे इसी दौरान सातारा से मुंबई जा रही एक प्राइवेट लक्ज़री बस ने दोनों कारों को पीछे से टक्कर मार दी। इस भिड़ंत के बाद बस और इनोवा कार 20 फ़ुट गहरी खाई में जा गिरीं जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 10 महिलाएं, 6 पुरुष और छह माह का बच्चा शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई पुलिस और हाई वे पुलिस की टीमें एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची और वहां राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों की हालत भी चिंताजनक बताई गई है।