

ऑकलैंड। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जल्द ही सीधी हवाई यात्रा शुरु हो सकती है। न्यूज़ीलैंड की यात्रा पर गए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और वहां के प्रधानमंत्री जॉन के की उपस्थिति में रविवार को यातायात मंत्री सिमोन ब्रिज और भारत के कृषि राज्य मंत्री संजीव बालयान ने इससे जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर किए।
न्यूजीलैंड के यातायात मंत्री सिमोन ब्रिज ने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत एक उभरती विश्वशक्ति है जिसके पास एक बड़ी आबादी है ऐसे में न्यूजीलैंड के लिए ठेर सारी संभावनाएं हैं। दोनों देशों के बीच करीब 1 बिलियन डॉलर का व्यापार है।
करीब 1 लाख 60 हजार भारतीय मूल के लोग न्यूज़ीलैंड में रहते हैं। पिछले साल 55 हजार न्यूजीलैंड वासियों ने भारत यात्रा की थी और 60 हजार भारतीय न्यूजीलैंड आए थे।
ऐसा माना जा रहा है कि एयर इंडिया, एयर न्यूजीलैंड या फिर सिंगापुर एयरलाइन इस सीधी सेवा की शुरुआत कर सकते हैं। वहीं राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रविवार को कहा कि भारत और न्यूजीलैंड की दोस्ती में मजबूती जारी रहेगी।
मुखर्जी ने न्यूजीलैंड की राजधानी ऑकलैंड में ‘वार मेमोरियल म्यूजियम’ का दौरा किया और वहां ‘हॉल ऑफ मेमोरीज ऑफ वर्ल्ड’ में दूसरे विश्वयुद्ध के वीरों को पुष्पहार अर्पित किया। राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड आने से पहले मार्शल आइलैंड्स का भी दौरा किया।
राष्ट्रपति ने न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल सर जेरी मेटेपाराइ से गवर्नमेंट हाउस में मुलाकात की। राष्ट्रपति के न्यूजीलैंड दौरे का मकसद भारत को उसका मुख्य व्यापारिक, आर्थिक और राजनीतिक साझीदार बनाना है। न्यूजीलैंड भारत के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थाई सदस्य बनने की आकांक्षा का समर्थन करता है।