

जयपुर। शिक्षा राज्यमंत्री वासूदेव देवनानी ने कहा है कि भारतीय संस्कृति सर्वाधिक सहिष्णुता लिए है। उन्होंने कहा कि यहां पर सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है।
उन्होंने देश में सोहार्दपूर्ण माहौल के लिए सभी को मिल-जुलकर काम करने तथा गौरवपूर्ण उपलब्धियां अर्जित कर देश के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया है।
देवनानी शुक्रवार को यहां पुरूस्कृत शिक्षक फोर्म की ओर से एज्यूकेशन एप्स मोहम्मद इमरान खान के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने खान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों को उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार शिक्षा के गौरव को भी बढ़ाते हैं।
शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में आज के संदर्भ में सूचना, सृजनात्मकता और बुद्धिमता के रूप में इसका उपयोग हो। उन्होंने भारतीय संस्कृति की उदारता की चर्चा करते हुए कहा कि विश्व गुरू के रूप में भारत की पहचान रही है और हम सबको मिलकर इसे फिर से विश्व गुरू बनाना है।