

जयपुर। शराबी पति से दुखी एक महिला को युवक ने अपने प्रेमजाल फंसाया और चार साल उसका देहशोषण करता रहा। आरोपी युवक महिला की नकदी और सोना लेकर फरार हो गया।
युवक से धोखा मिलने के बाद युवती चार साल बाद फिर घर लौटी और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
पुलिस के अनुसार कल्याणजी का रास्ता इलाके में किराए के मकान में रहने वाली 43 वर्षीय पीडि़त महिला ने मामला दर्ज करवाया है कि पति मुरारीलाल शराब का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसके चलते चार साल पहले उसके पड़ोस में रहने वाले रामवतार नामक युवक ने महिला से नजदीकियां बढ़ाई।
युवक उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ कोटा ले गया जहां आरोपी ने झूठी शादी का नाटक कर महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब महिला को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया। इस दौरान आरोपी महिला का दस तोला सोना और करीब एक लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।