

जयपुर। जयपुर जिले के चाकसू थाना इलाके में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की हत्या करने वाला युवक उसका प्रेमी था।
उसने महिला की हत्या करने के बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मामले का खुलासा तीन दिन बाद महिला का शव मिलने से हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर आला अधिकारी पहुंचे।
चाकसू पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह इलाके में कुम्हारों की ढाणी के पास जोधा बाबा की समाधि पर एक महिला का शव मिलने की सूचला मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो महिला की निर्मम हत्या की गई थी और शरीर पर कई घाव थे।
जानकारी जुटाने पर बीलवा निवासी ममता (25) के रूप में हुई। ममता शादीशुदा थी और उसका ससुराल जमवारामढ़ था। कुछ दिनों से वह अपने पीहर बीलवा आई हुई थी।
जानकारी जुटाने पर सामने आया कि ममता और निवाई के बाढ़ निवारियों की ढाणी निवासी रतन लाल मीणा के बीच प्रेम सबंध थे। रतन लाल और ममता को तीन दिन पहले साथ देखा गया था।
इस पर पुलिस ने जब रतन लाल मीणा के बारे में जानकारी जुटाई तो सामने आया है कि रतन ने ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। पुलिस ने आशंका व्यक्त जताई है ममता की हत्या करने के बाद रतन ने ट्रेन के आकर खुदकुशी कर ली। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।