

अब तक आपने रिलायंस जियो की टेलीकॉम सेवाओं के बारे में सुना होगा। वैसे, पिछले कुछ दिनों पहले रिलायंस जियो ब्रॉडबैंड नेटवर्क और डीटीएच सेवा के बारे में खबरें ज़रूर आई थीं।
लेकिन कंपनी की ओर से इन सेवाओं के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन जियो की आधिकारिक वेबसाइट जियो डॉट कॉम के रीचार्ज पेज को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि अन्य सेवाओं की खबरें सही थीं।
दरअसल, जियो डॉट कॉम के क्विक रीचार्ज पेज पर मोबाइल और जियोफाई के अलावा वाई-फाई हॉटस्पॉट, होम ब्रॉडबैंड, जियो लिंक और जियो ऐप्स के विजेट भी बने हैं। इसका मतलब है कि कंपनी अपनी इन सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को रीचार्ज का विकल्प दे रही है।

कंपनी ने आधिकारिक बयान ज़ारी किए बिना ही आधिकारिक तौर पर बता दिया है कि वह ये प्रोडक्ट भी मार्केट में आएंगे। वैसे, अभी यह साफ नहीं है कि जियो लिंक क्या है। लेकिन प्रोडक्ट के विजेट को देखकर यह डायरेक्ट टू होम (डीटीएच) बॉक्स लग रहा है।
गैजेट्स 360 ने इस संबंध में रिलायंस जियो से भी जानकारी मांगी है। लेकिन कंपनी की ओर से फिलहाल कुछ भी नहीं कहा गया है। इसके अलावा हमने कंपनी ने यह भी जानना चाहा कि जियो लिंक क्या है? और इसमें भी निराशा ही हाथ लगी।

याद रहे कि जनवरी महीने में रिलायंस जियो द्वारा ब्रॉडबैंड सेक्टर में भी कदम रखने की खबरें आई थीं। और इसकी शुरुआत मुंबई से हुई है। गौर करने वाली बात है कि सितंबर महीने में मुकेश अंबानी ने यह भी बताया था कि कंपनी घरों के लिए रिलायंस जियो ब्रॉडबैंड फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) की टेस्टिंग कर रही है। पुणे और मुंबई में होने वाली इस टेस्टिंग को रिलायंस जियो गीगाफाइबर के नाम से जाना जाएगा।
दूसरी तरफ, रिलायंस जियो ने गुरुवार देर शाम ट्राई के निर्देश के बाद अपने समर सरप्राइज़ ऑफर को वापस लेने का फैसला किया। हालांकि, ग्राहक 15 अप्रैल जियो प्राइम सब्सक्रिप्शन ले सकेंगे।
यह भी पढ़े:-