

मुंबई। कल्याण-डोंबिवली मनपा में शिवसेना के राजेंद्र देवलेकर महापौर व भाजपा के विक्रम तरे उपमहापौर बनाए गए हैं। इन दोनों का चुनाव निर्विरोध तरीके से हो गया है और चुनाव अधिकारी शेखर चेन्ने ने इसकी घोषणा किया है।
मिली जानकारी के अनुसार कल्याण -डोंबिवली मनपा चुनाव प्रचार में भाजपा व शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था और प्रचार के दरम्यान एक दूसरे पर जमकर टीका टिप्पणी की गई थी।
चुनाव के बाद दोनों पार्टियों ने साथ मिलकर सत्ता स्थापित किए जाने का निर्णय लिया था। इसके तहत हुए समझौते के अनुसार पहले ढाई साल शिवसेना का महापौर, बाद में एक साल भाजपा का महापौर और उसके बाद आखिर में डेढ़ साल फिर से शिवसेना का महापौर बनना तय हुआ था।
इसके साथ ही भाजपा को एक साल के लिए महापौर पद दिए जाने का भी निर्णय हुआ था। इसी निर्णय के अनुसार बुधवार को कल्याण डोंबिवली मनपा में महापौर व उपमहापौर का चुनाव संपन्न हुआ है।
इसके बाद कल्याण -डोंबिवली मनपा में स्थाई समिति का पद भाजपा के पास पहले 2 साल रहने वाला है। इसके बाद स्थाई समिति २ साल शिवसेना के पास रहेगी और बाद में स्थाई समिति के 1 साल के कार्यकाल पर विचार किया जाएगा।