

नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर इलाके में रहने वाली महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान शमीना (37) के रूप में हुई। पुलिस ने महिला की हत्या करने के आरोप में उसके कथित प्रेमी कासिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे हत्या के कारणों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक महिला न्यू अशोक नगर इलाके में किराए पर रहती थी। महिला जहां काम करती थी वहां का ठेकेदार लगातार महिला के मोबाइल पर कॉल कर रहा था, लेकिन एक बार भी फोन पिक नहीं हुआ।
किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए वह महिला के कमरे पर पहुंच गया। जब वह अंदर पहुंचा तो महिला वहां मृत मिली। महिला का मोबाइल फोन भी गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचना की गई।
पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आरोपी कासिम को नोएडा से धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि रविवार रात वह महिला से मिलने के लिए आया था। किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान ही उसने महिला की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।